गड़वार। थाना क्षेत्र के चांदपुर चट्टी के पास सोमवार की देररात बाइक सवार एक युवक अंसतुलित होकर एक साइकिल को टक्कर मारने के बाद पुल से जा टकराया। जिससे अखिलेश पांडेय बब्लू (25) निवासी नारायणापाली गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। बब्लू अपने घर नारयणापाली से फेफना किसी काम से जा रहा था। इस बीच हादसा हो गया। सिकंदरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, पकड़ी थाना क्षेत्र के एकईल चट्टी के समीप मंगलवार की दोपहर बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के पन्दह गांव निवासी रीना (35) पत्नी वीरबहादुर अपने पुत्र राजन (19) के साथ बाइक से नगरा की तरफ जा रही थी। अभी वह एकईल चट्टी के समीप पहुंची थी कि बाइक से असंतुलित होकर गिर गई और गंभीर रुप से घायल हो गई।