बैरिया। थाना क्षेत्र के गंगा उसपार नौरंगा से शुक्रवार की दोपहर ट्रैक्टर पर परवल लाद कर रानीगंज बाजार जा रहा ट्रैक्टर पीपा पुल टूट जाने की वजह से नदी में गिर गया। जिससे ट्रैक्टर पर सवार 35 वर्षीय ड्राइवर श्रीनिवास गोड़ नदी में लापता हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाल डाला तो लगभग आधे घंटे बाद ड्राइवर की लाश मिली।
नौरंगा के किसान भुआलछपरा निवासी ट्रैक्टर मालिक लालू पांडेय ट्रैक्टर यूपी 60 क्यू 6964 पर परवल लाद कर चालक श्रीनिवास गोड़ के साथ रानीगंज बाजार बेचने जा रहे थे। पीपा पुल पर चढ़ते समय लालू पांडेय ट्रैक्टर से उतरकर पैदल चलने लगे। जबकि चालक श्रीनिवास गोड़ धीमी गति से ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़ रहा था। इस बीच पीपापुल टूट गया और ट्रैक्टर नदी में गिर गया। ट्रैक्टर चालक श्रीनिवास गोड़ भी ट्रैक्टर के साथ ही नदी में डूब गया। हो हल्ला सुनकर काफी लोग इकट्ठा हो गए, सूचना पर बैरिया एसओ अनिलचन्द तिवारी मौके पर पहुंच गए और तुरंत जाल डालकर चालक को ढूंढने का प्रयास किया, लगभग आधा घंटा बाद चालक तो मिला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि अभी एक पखवाड़ा पहले प्रशासनिक अधिकारियों से नौरंगा में बूथ चेक के दौरान शिकायत की गई थी कि पुल डैमेज है, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। शिकायत पर अधिकारी आश्वासन देकर चलता बने। आखिरकार हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। उधर, श्रीनिवास के घर सूचना पहुंचते ही कोहराम मच गया। हर किसी का रोते-रोते बुरा हाल है। श्रीनिवास के छोटी-छोटी चार बेटियां व दो पुत्र है जिनके माथे पर से पिता का साया हट गया।