मनियर। थाना क्षेत्र के छितौनी नहर के पास गुरुवार की रात बाइक व जेसीबी के टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि जेसीबी चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की लिलकर निवासी पवन बिंद (23) पुत्र स्वर्गीय जयराम बिंद बाइक से अपने ननिहाल बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के डुमरी गांव जा रहा था। जैसे ही वह मनियर थाना क्षेत्र के छितौनी नहर के पास पहुंचा कि सामने से आ रहे जेसीबी के चालक ने अचानक लिंक रोड में गाड़ी को मोड़ दिया। जिससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर जेसीबी में जाकर टकरा गया, जिसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे मृतक का साथी भाग गया। सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई दीपक बिंद ने थाने में जेसीबी चालक के विरुद्घ तहरीर दिया। वहीं पुलिस ने शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।