बेल्थरारोड । नगर पंचायत वार्ड नंबर दो बस स्टेशन गली बाजार वाला पोखरा स्थित जनरल स्टोर की दुकान में आग लग जाने से करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सामान जलकर राख हो गए। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, तब तक लाखों का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। बाजार वाला पोखरा पर राजकुमार मद्धेशिया की जनरल स्टोर की दुकान है। दुकानदार रात्रि नौ बजे दुकान बंद कर घर चला गया। इस बीच रात के समय दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग ने दुकान के भीतर विकराल रूप धारण करते हुए सामानों को जला डाला। सुबह शटर से धुआं निकलता देख सफाईकर्मी ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने किसी प्रकार शटर खोला तथा पानी उड़ेल आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व दुकानदार खरीदारी कर के सामान लाया था, कि घटना में सब कुछ जलकर राख हो गया। नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त और चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने मौका मुआयना कर घटना का जायजा लिया।