मनियर। थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी गांव में खेल के मैदान में मंगलवार की शाम को खेल-खेल में हुई मारपीट में दो समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। इससे वहां तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सीओ और तहसीलदार ने पहुंच कर मामला शांत कराया था। बुधवार को पुलिस ने 60 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर 12 लोगों का संबंधित धारा में चालान कर दिया। तनाव को देखते हुए डेढ़ सेक्शन पीएसी बल तैनात कर दी।
गांव के बाहर खेल के मैदान पर मंगलवार की देरशाम कुछ लड़के दौड़ लगा रहे थे। इस बीच गांव के कुछ लडकों ने गेंद गुम होने के बारे में आपस में पूछताछ की तो बात बिगड़ गई और मारपीट होने लगी। जिसमें गोलू व उसका एक साथी घायल हो गया। चोटिल हुए बच्चें ने यह बात अपने परिजनों से बताई। इस बीच दो समुदायों के लोग आमने सामने हो गए और देखते देखते ईंट पत्थर चलने लगे। सूचना मिली तो थानाध्यक्ष मनियर शेर सिंह तोमर मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। जिससे बड़ा हादसा होने से टला, सूचना पर दो थानों की पुलिस और डायल सौ नंबर सहित सीओ बांसडीह अशोक कुमार सिंह व तहसीलदार लालबाबू दूबे भी पहुंचे। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए डेढ़ सेक्शन पीएसी के जवान रात को ही तैनात कर दिए गए थे। पुलिस रात को ही दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन लोगों को उठाकर थाने ले आई।
वहीं बुधवार को दोनों पक्षों के 60 लोगों पर संबंधित धारा में नामजद मुकदमा दर्ज कर एक दर्जन लोगों का चालान कर दिया। बुधवार को पुलिस की मौजूदगी के चलते माहौल शांत रहा। हालांकि तनाव बरकरार रहा। गौरतलब हो कि तीन दिन पूर्व दुर्गा पूजा समिति और तजियादारों के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद में एसडीएम तहसीलदार व सीओ बांसडीह ने समझौता कराया था।