जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नई बस्ती में गुरुवार की शाम शार्टसर्किट से एक मड़हे में आग लग गई और देखते ही देखते तीन मड़हे जलकर राख हो गए। सूचना के बावजूद न फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची न तहसील प्रशासन का कोई अधिकारी। बस्ती निवासी घूरा प्रसाद के घर के सभी सदस्य खेत मे गुरुवार की शाम को खाद डाल रहे थे। तब तक बिजली के आते ही मड़हे में लगे बिजली के बोर्ड से चिंगारी निकलने लगी और मड़हे में आग लग गई। पड़ोसियों ने शोरगुल मचाया तो लोग आग बुझाने में जुट गए। लेकिन उस पर काबू नहीं पाया जा सका। आग में जरूरी कागजात, सोने का एक मंगलसूत्र, सोने का एक जोड़ा टाप्स, चांदी की एक जोड़ी पायल, पांच हजार रुपया नकद जलकर राख हो गए।