बलिया। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने सौभाग्य योजना के संयोजन बढ़ाने तथा मास रेड के तहत विद्युत चेकिंग करने, विद्युत कनेक्शन जारी करने, विद्युत उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली, विद्युत विच्छेदन एवं विद्युत चोरी के मामलों में कार्रवाई करने हेतु जनपद के सभी तहसीलों में इस माह में 31 अक्टूबर तक तिथि वार रोस्टर बनाकर संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों की मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगा दी है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी नामित अधिकारीगण विद्युत विभाग के अभियंतागण से संपर्क स्थापित करके रेड, विद्युत उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली, विद्युत विच्छेदन एवं सौभाग्य योजना के तहत नए विद्युत कनेक्शन के संबंध में सहयोग प्रदान करेंगे। यदि कोई व्यक्ति विद्युत संयोजन अथवा विच्छेदन एवं राजस्व वसूली में कोई व्यवधान उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल पुलिस बल की सहायता से मौके पर आ रही अड़चन को दूर कराएंगे एवं संबंधित दोषी व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में आपराधिक वाद दर्ज कराए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान संबंधित थानाध्यक्ष भी पुलिस बल के साथ उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में विद्युत चोरी नहीं होने दी जायेगी।