बैरिया। थाना क्षेत्र के दयाछपरा से अवैध शराब की पाउच बोरी में भरकर बाइक पर लादकर एक व्यक्ति बिहार बेचने के लिए ले जा रहा था, उक्त व्यक्ति अभी कस्बा स्थित चिड़िया मोड़ के पास पहुंचा था कि रमावती देवी (60 ) पत्नी शंकर दयाल लेखपाल को टक्कर मार दिया। जिससे रमावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई, बाइक चालक भी गिरकर घायल हो गया, इस दौरान अवैध शराब की बोरी फट जाने से सड़क पर शराब की पाउच बिखर गया, किसी ने 100 नंबर पुलिस को सूचना दी। 100 नंबर पुलिस शराब की पाउच को बटोरने में लग गया, तब तक किसी ने बैरिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर बैरिया पुलिस भी पहुंच गई। बैरिया पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य सोनबरसा इलाज के लिए पहुंचाया और आरोपी सिताब दियारा संसार टोला निवासी उमेश यादव को गिरफ्तार किया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में 60 एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।