चितबड़ागांव। नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार मालवीय नगर के हरिजन बस्ती में सुबह साढ़े दस बजे चूल्हे की चिंगारी से दो रिहायशी झोपड़ियां जल कर राख हो गई। पड़ोसियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ऐतिहासिक बरइया पोखरे के पास मालवीय नगर के हरिजन बस्ती निवासी रामनाथ राम व पारस नाथ राम का परिवार सोमवार की सुबह चूूल्हे पर खाना बनाने के बाद मजदूरी के लिए घर से बाहर चला गया। बच्चे ही घर पर थे। रामनाथ के घर से आग की लपटे व धुंआ देख बाहर खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। इस दौरान पारस राम की झोपड़ी में भी आग पकड़ लिया । घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दोनों परिवारों का घर-गृहस्थी का सारा सामान, खाद्यान्न , चारपाई, कपड़ा, विस्तर इत्यादि के साथ जल गया। नगर पंचायत चेयरमैन के प्रतिनिधि अभिराम त्रिपाठी ने मौके पर पहुंच कर क्षेत्रीय लेखपाल शिवपूजन यादव को घटना की पूरी जानकारी मोबाइल फोन से दी।