बैरिया थाना क्षेत्र के ठेकहा मोड पर ट्रैक्टर के धक्के से हुई युवक की मौत के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण।
जयप्रकाश नगर। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर स्थित ठेकहां मोड़ पर शनिवार की अपराह्न करीब दो बजे ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ चल रहे दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के सैकड़ों की संख्या में पहुंचे महिला व पुरुषों ने एनएच-31 को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे बैरिया एसडीएम राधेश्याम पाठक के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। वहीं पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार पंचायत के घुरी टोला निवासी छोटू बैठा (20), उपेंद्र बैठा (30), राजेश बैठा (26) अपने-अपने साइकल से गांव से ठेकहा मोड़ पर स्थित दुकान पर गिट्टी और बालू खरीदने जा रहे थे। जैसे ही वह ठेंकहा मोड़ के समीप पहुंचे कि पीछे से तेजगति से बालू लदा आ रहे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर तीनों साइकल सवारों को टक्कर मारते हुए रोड पर खड़े ट्रक से जा भीड़ा। जिसमें छोटू बैठा ट्रैक्टर व ट्रक के बीच आ जाने से चिपट गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। वही उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के सैकड़ों महिला व पुरुष जुट गए और एनएच-31 को करीब जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बैरिया सीओ उमेश कुमार, कोतवाल गगनराज सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उनकी एक न सुनी। करीब दो घंटे बाद पहुंचे एसडीएम राधेश्याम पाठक एवं क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। मृतक की माता भूलिया देवी व पिता भिखारी बैठा दहाड़े मारकर रोते रोते बेसुध हो जा रहे थे। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। इस मामले में बैरिया पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।