रेवती। क्षेत्र के आसमान ठोठा नई बस्ती चौहान टोला गांव के पास गुरुवार को ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र गम्भीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सहतवार एचआर मौर्य ने घायलों को सीएचसी रेवती पहुंचवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फुल्ली गांव निवासी सियाराम कुशवाहा (62) अपने (30) वर्षीय पुत्र श्रवण के साथ बाइक से रेवती इंटर कालेज में आए थे, जहां मार्कशीट का संशोधन कराने के उपरांत अपने गांव लौट रहे थे। इसी बीच आसमान ठोठा नई बस्ती चौहान टोला के पास सामने तेजगति से आ रहे ट्रैक्टर से जबरदस्त टक्कर हो गयी। जिसमें पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने इसकी सूचना सहतवार पुलिस को दिया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रेवती पहुंचाया, जहां से दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।