बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छोड़हर गांव में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पर मौजूद कर्मियों व अन्य लोगों द्वारा फोटो पत्रकार को बंधक बनाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्यदायी कंपनी के इंजीनियर, प्रधान के भाई समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शहर से करीब सात किमी दूर छोड़हर गांव में बन रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का फोटो लेने के लिए फोटो पत्रकार श्याम प्रकाश शर्मा सोमवार को सायं करीब चार बजे वहां पहुंचे। परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने गेट बंद करते हुए उन्हें बंधक बना लिया। करीब डेढ़ घंटे तक कब्जे में रखते हुए फोटो को डिलीट भी करवायी। मामले में अधिकारियों से शिकायत पर पुलिस ने सोमवार की देर शाम चार लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं होने पर मंगलवार को फोटो पत्रकार ने जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर बांसडीह रोड पुलिस ने जबरन रोकने, धमकाने, गिरोह बंद होकर उपद्रव करने आदि की धाराओं में इंजीनियर जावेद अख्तर व एसपी तिवारी, प्रधान का भाई बदरे आलम सहित 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर किया है।