बैरिया। रानीगंज बाजार स्थित चार दुकानों में शनिवार की रात हुई चोरी की घटनाओं के बाद रानीगंज बाजार के दर्जनों व्यापारी थाने पहुंचे और मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही मामले का खुलासा करने की मांग की। दुकानदार विनोद सोनी की तहरीर पर चार दुकानों पर हुई चोरी के मामले में सोमवार को पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रानीगंज बाजार में शनिवार की रात हुई चोरी के बाद व्यापारियों में भय के साथ ही आक्रोश भी है। इसको लेकर रानीगंज बाजार के दर्जनों व्यापारी सोमवार को बैरिया थाना पहुंचे। इसके बाद दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। व्यापारियों ने थानाध्यक्ष से चोरी का खुलासा करने के साथ ही बाजार में गस्त बढ़ाने की मांग की। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि दुकानों की चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा। थाने पहुंचने वालों में रोशन गुप्ता, प्रेमचंद्र सराफ, कमलेश सोनी, अनिल सोनी, मनोज सोनी आदि रहे।