पुलिस ने सोमवार की देर रात टाटा 407 मिनी ट्रक पर लदा पंजाब निर्मित अवैध शराब बरामद किया। इस दौरान शराब माफिया भागने में सफल रहे। क्षेत्राधिकारी बैरिया उमेश कुमार यादव के अनुसार पुलिस अठगावां चट्टी हनुमान मंदिर के समीप बदमाशों की तलाशी में अभियान चला रही थी कि तब तक उन्हें मुखबिरों से सूचना प्राप्त हुई कि जयप्रकाशनगर स्थित बाबा सेवादास की मठिया से बिहार राज्य के महुली पुल पर जाने वाले कच्चे संपर्क मार्ग पर अवैध शराब लदी मिनी ट्रक जा रही है। बैरिया पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर घेराबंदी करते हुए ट्रक को पकड़ लिया। वहीं उस ट्रक पर सवार पांच शराब माफिया भागने में सफल रहे । ट्रक से पंजाब निर्मित ब्लू प्रीमियम , ब्लू मून, पार्टी स्पेशल ह्विस्की 750 एमएल व 350 एमएल की कुल 153 पेटी शराब बरामद की गई। शराब के बाजार में कुल मूल्य करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।