बलिया (जयप्रकाशनगर)। बैरिया थाना क्षेत्र के बकुल्हा रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर छपरा की तरफ से आ रही एक ट्रेन की जद में आने से एक लड़की की मौके पर ही मौत हो गयी। बैरिया पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और कार्रवाई में जुट गई। बताया जाता है कि चांददीयर चौराहे पर प्रशासन की ओर से बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा था। राहत पैकेट लेने के लिए क्षेत्र के बकुल्हा गांव निवासी रमेश यादव की पुत्री गुड़िया कुमारी (18) अपने घर से जा रही थी। वह बकुल्हा रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन से पांच सौ मीटर की दूरी पर रेलवे लाइन पार कर रही थी कि छपरा की ओर से आ रही साबरमती एक्सप्रेस की चपेट में आ गई और मौके पर उसकी मौत हो गई।