बेल्थरारोड/इब्राहीमपट्टी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सर्पदंश से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। परिवारीजनों ने शवों को अंतिम संस्कार कर दिया।
बेल्थरा के उंभाव थाना क्षेत्र की तिरनई खुर्द ग्राम में शनिवार की रात सर्पदंश से विवाहिता की मौत हो गई। तिरनई खुर्द ग्राम में शबाना (25) पत्नी गुड्डू खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। शबाना ने किसी सामान को निकालने के लिए ज्यों ही अलमारी खोली, उस समय आलमारी में बैठे बिषधर ने उसे डंस लिया। परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने झाड़-फूंक भी कराया, लेकिन वह बच नहीं सकी। मृतक के एक पुत्र भी है।
इब्राहिमपट्टी संवाददाता के अनुसार, भीमपुरा थाना क्षेत्र के सिकंदरापुर गांव निवासी महेंद्र प्रसाद की 14 वर्षीय पुत्री करिश्मा यादव को शनिवार की रात सर्प ने डस लिया। जिसकी जानकारी होते ही परिजन उसे आनन-फानन में पुर स्थित मिशन हॉस्पिटल ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। उधर, फरहदा उर्फ पुरा निवासी मंटू यादव का 14 वर्षीय इकलौता पुत्र अमर यादव शनिवार की रात अपने छत पर सोया हुआ था। भोर बारिश आने पर छत से उतर कर नीचे कमरे में आया। इस दौरान उसे सर्प ने डस लिया। परिजन उसे सदर अस्पताल मऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।