हल्दी/बेल्थरारोड। प्रधानमंत्री आवास योजना में धनराशि लेकर भी मकान पूरा न करने वाले लाभार्थियों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऐसे लोगों के खिलाफ शुक्रवार को संबंधित अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
हल्दी : विकास खंड बेलहरी अंतर्गत मुढ़ाडीह ग्राम सभा के 13 लाभार्थियो द्वारा प्रधानमंत्री आवास में धन प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण न किए जाने पर शुक्रवार को संबंधित ग्राम विकास अधिकारी ने इलाकाई पुलिस को लिखित तहरीर दी है। ग्राम विकास अधिकारी शशांक शेखर पांडेय ने शुक्रवार को हल्दी थानाध्यक्ष रवीन्द्र नाथ राय को तहरीर दिया है, जिसमें आरोप लगाया है कि 13 प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियो ने पहली व दूसरी किश्त यानि 40 हजार व 70 हजार प्राप्त करने के बाद भी आवासों का लिंटर नहीं कराया। जिसके कारण तृतीय किश्त का नहीं भेजा जा सका। ऐसे लोगों में जनार्दन राम पुत्र मुन्नी लाल, धनकुमार पुत्र लल्लन, नरेश राम पुत्र हरहंगी, रीना पत्नी किशोर राम, अनीता पत्नी विनोद सिंह, जगेश्वरी पत्नी विश्वकर्मा शर्मा, आशा पत्नी कमलेश पासवान, उषा पत्नी सुभाष शर्मा, शांति पत्नी भोला शर्मा, बृजकुमारी पत्नी शंकर राजभर, चन्द्रावती देवी पत्नी दशरथ राम, सुदर्शन पुत्र टिमल व श्रवण राम पुत्र रमाशंकर शामिल हैं।
बेल्थरारोड : पीएम आवास निर्माण पूर्ण नहीं किए जाने पर खंड विकास कार्यालय द्वारा लाभार्थियों से धन वसूली के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद कुमार राव ने बताया कि सरयां डिहूं भगत ग्राम में आवास निर्माण के प्रथम किस्त के रूप में नीव डालने के लिए 40 हजार और छत तक निर्माण पूर्ण करने के लिए 70 हजार रुपए लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं। इसमें दीवारों के प्लास्टर के लिए मात्र 10 हजार देना शेष रह गया है , लेकिन सरयां डिहूं भगत में हरकेश , रामाशीष, हरिन्द्र, सुखिया, श्रीकिशुन, लाल बहादुर , जयप्रकाश , रामसूरत ग्राम पंचायत मालेर में पिंटू , धीरेंद्र, रामवचन तथा ससना बहादुरपुर में साधु , अनुप, जीवधन के खिलाफ आवास निर्माण पूर्ण नहीं होने की दशा में पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया।