बलिया। युवा अधिवक्ता चंद्रशेखर सिंह की हत्या की साजिश तथा हत्या के लिए सुपारी दिए जाने के बाद पुलिस की ओर से सुरक्षा नहीं दिए जाने से वकीलों में आक्रोश है। बुधवार को वकीलों ने पीड़ित अधिवक्ता को सुरक्षा दिलाने के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा। तहसील अधिवक्ता संघ बांसडीह इकाई के अध्यक्ष महेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में वकीलों ने बैठक की। इसके बाद वकीलों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग किया गया है कि युवा अधिवक्ता चंद्रशेखर की हत्या किए जाने की साजिश रची गई है। उन्हें जान से मारने की सुपारी भी दी गई है। लेकिन आज तक पुलिस प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है। जिससे वकीलों में आक्रोश है। वकीलों ने लापरवाह प्रशासन को जगाने की नियत से आंदोलन और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था प्रदान नहीं की जाती है तो वे 27 तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे 28 नवंबर से एसडीएम बांसडीह के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर सभी बार संगठनों के अधिवक्ता मौजूद रहे।