सहतवार (बलिया)। क्षेत्र के ग्राम सभा हड़िहाखुर्द में गुरुवार की रात मछली पालन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। इस मामले में एक पक्ष ने नौ लोग तथा दूसरे पक्ष ने सात लोगों के विरुद्ध सहतवार थाने में तहरीर दी है। थाना क्षेत्र के हड़िहा खुर्द निवासी संजय यादव ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरे पिता व पूर्व प्रधान रामाकांत यादव (55), भाई गुड्डू (26) तथा रेवती कस्बा निवासी गिरिजा बिंद (30) को लेकर गुरुवार की रात 10 बजे जहां गड्ढे में मछली पाली गई थी, वहां देख-भाल करने गए थे। जहां वर्तमान प्रधान राजेश यादव आठ-दस लोगों के साथ जान से मारने की नियत से लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और तीनों लोगों को मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। वहीं वर्तमान प्रधान राजेश यादव (30) ने तहरीर में उल्लेख किया है कि पूर्व प्रधान रामाकांत यादव के परिवार के लोग मछली चोरी करने के नियत से आए हुए थे। सूचना पर मैं पहुंचा तो वे लोग मारने के लिए दौड़ा लिए। जिसके बाद दोनों ओर से मारपीट हो गई। जिसमें मुझे मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में एक पक्ष के संजय यादव ने नौ लोगों के विरुद्ध तथा राजेश ने सात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।