उभाव थाना क्षेत्र के मझौवां ग्राम में शुक्रवार की अपराह्न किसी बात को लेकर देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से प्रहार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद देवर कुल्हाड़ी समेत थाने पहुंचा तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुल्हाड़ी समेत युवक को देख पुलिस दंग रह गयी। पुलिस ने कुल्हाड़ी बरामद करने के साथ ही युवक को हिरासत में ले लिया। थाना क्षेत्र के मझौवां ग्राम में बबीता (36) पत्नी श्यामबिहारी गोंड का अपने देवर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना उग्र हो गया कि देवर ने कुल्हाड़ी से अपने भाभी के सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां गंभीरावस्था को देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।