चिलकहर। पकड़ी थाना क्षेत्र के बहोरापुर ग्राम सभा में गुरुवार की रात में चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर लाखों रुपये की जेवरात सहित 50 हजार नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार की सुबह नींद खुली तो नजारा देख सब दंग रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। रोज की भांति अखिलेश सिंह का पूरा परिवार रात्रि भोजन करने के बाद अपने-अपने स्थानों पर सोने चले गए। इसी बीच मध्यरात्रि मौका देखकर घर में प्रवेश कर गए, इसके बाद इत्मीनान से आलमारी तोड़ उसमें रखे हार, मंगलसूत्र, मंगटिका, पायल सहित लाखों रुपये गहने के साथ ही 50 हजार रुपये कैश पर हाथ साफ कर दिया। ठंड का मौसम होने के कारण सभी लोग नीचे ही सोए थे, फिर भी चोरों ने बेआहट बारिकी से चोरी को अंजाम दे दिया। सुबह नींद खुलते ही सामान बिखरा पड़ा देख सब सन्न रह गए। इसके बाद आलमारी पर नजर गई तो गहना और कैश गायब देख मानो पैरों तले जमीन खिसक गई।