मनियर। थाना क्षेत्र के देवरार स्थित पुलिया के पास शनिवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं दोनों बाइक को पुलिस थाने लाई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के शकलपुरा निवासी लाल बहादुर राजभर (40) बाइक बनवाने के बाद गांव के ही स्वामी नाथ राजभर (35), श्याम बहादुर राजभर (22) के साथ घर जा रहे थे। जैसे ही देवरार पुलिया के पास पहुंचे कि लिंक रोड से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी को मनियर पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने लाल बहादुर को मृत घोषित कर दिया। उधर, बाइक छोड़कर युवक भाग गया।