रेवती। रेवती-बलिया मुख्य मार्ग स्थित पचरुखा देवी मंदिर के पास शुक्रवार की देर रात बोलेरो के चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। जिला चिकित्सालय ले जाते समय गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई। क्षेत्र के आसमान ठोठा निवासी राजबली यादव के पुत्री की बारात पिंडहरा निवासी नितेश पुत्र महेश यादव के यहां से आई थी। बारात एक विद्यालय में टिकी थी। बारातियों में शामिल बीडीसी सदस्य सुरेश यादव (48), सुरेंद्र यादव (42) निवासी पिंडहरा तथा बब्बन यादव (40) निवासी श्रीरामपुर खाना खाने के लिए रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर करीब 10 बजे रात्रि को पैदल ही लड़की पक्ष के दरवाजे पर जा रहे थे। इस बीच तेज गति से आ रही बोलेरो ने धक्का मार दिया जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पास ही मौजूद बारातियों ने घायलों को सीएचसी रेवती पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय ले जाते वक्त रास्ते में सुरेश की मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो चालक गाड़ी सहित फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।