बैरिया/जयप्रकाश नगर। द्वाबा में सोमवार को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मांझी-बैरिया मार्ग के एनएच 31 के मठ योगिंदर गिरी के पास स्थित एक फ्लावर मिल से पुलिस ने भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद किया। बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। एक ट्रक, तीन पिकअप व एक बोलेरो में लादकर शराब पुलिस थाने में लेकर पहुंची है। फ्लावर मिल इब्राहिमाबाद निवासी भुवर सिंह की है। इस मामले में मिल मालिक समेत चार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि बैरिया तहसील के मठ योगिंद्र गिरी स्थित फ्लावर मिल के गोदाम में शराब रखे जाने की सूचना पर पुलिस ने सोमवार की भोर में छापेमारी की। जब वहां पुलिस पहुंची उस वक्त शराब को ट्रक, बोलेरो व पिकप पर लादकर बिहार लेकर जाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस की छापेमारी में फ्लावर मिल में रखा भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब तो बरामद हुआ लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस के आने की भनक लग गई थी, जिस वजह से वह पहले ही निकल लिए थे। गोदाम में हजार पेटी से अधिक हरियाणा निर्मित शराब तथा दर्जनों बोरियों में भरी शराब की बोतलें रखी गई थीं। बैरिया एसएचओ अविनाश कुमार सिंह, बैरिया सीओ रामदरश यादव, आबकारी इंस्पेक्टर आदित्य प्रकाश भी मौके पर पहुंच गये, जहां से तीन पिकअप, एक बोलेरो तथा एक 12 चक्का ट्रक पर शराब लादकर पुलिस थाने आयी। पुलिस ने बरामद शराब की कीमत करीब एक करोड़ बताया है। बैरिया सीओ रामदरश यादव ने बताया कि फ्लावर मिल से लगभग 1400 पेटी शराब बरामद की गई है। मिल मालिक श्रीराम सिंह उर्फ भुवर सिंह समेत चार लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनसेट=
आरओ प्लांट की आड़ में चलता था शराब का धंधा
जयप्रकाशनगर। बैरिया तहसील के मांझी-बैरिया मार्ग के एनएच 31 के मठ योगिंदर गिरी के पास स्थित जिस फ्लावर मिल से सोमवार को पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया है, वहां आरओ प्लांट लगा हुआ है। बताया जाता है कि शराब तस्कर आरओ प्लांट की आड़ में अवैध शराब का धंधा करते थे।
इनसेट=
विधायक ने डीजीपी व डीआईजी से की शिकायत
बैरिया। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने बैरिया एसएचओ पर अवैध शराब की तस्करी में लिप्त होने की शिकायत डीजीपी सुलखान सिंह व डीआईजी आजमगढ़ से करते हुए एसएचओ को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने की मांग की है। विधायक ने आरोप लगाया कि बैरिया थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से करोड़ों रुपये की शराब बिहार भेजी जाती है, जिसमें पुलिस की मिलीभगत होती है।