बलिया (बांसडीहरोड)। थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बेला गांव स्थित नवनिर्मित पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की रात में बाइक सवार बदमाशों ने चार पहिया वाहन (स्कार्पियो) को रोककर चालक को पीटा और चाकू से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं वाहन व बाइक को पुलिस कब्जे में लेकर थाने आई।
थाना क्षेत्र के छाता निवासी पिंटू राजभर (28) देवरिया जिला निवासी व वर्तमान पता शहर कोतवाली क्षेत्र के बहेरी निवासी सुरेश के यहां चालक है। पीड़ित चालक की माने तो वह बुधवार को दुबहर से बारात लेकर बांसडीह कोतवाली के राजागांव खरौनी गया हुआ था। जहां से मांगलिक कार्यक्रम के बाद बारातियों को लेकर दुबहर गया। वहां से वाहन लेकर वह रूस्तमपुर-रघुनाथपुर मार्ग होते हुए अपने गांव जा रहा था। जैसे ही रघुनाथपुर बेला गांव स्थित नवनिर्मित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा कि पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने ओवर टेक कर उसे रोक लिया। चालक से सहतवार जाने का मार्ग पूछा। अभी चालक कुछ कहता कि बदमाशों ने उसे वाहन से उतारकर जमकर धुनाई शुरू कर दी। इसके बाद बाइक छोड़ चालक को स्कार्पियो में बैठाकर बदमाश टकरसन गांव स्थित मठिया के बाग में ले गए, जहां झाड़ी में ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं स्कार्पियो व बाइक को पुलिस कब्जे में लेकर थाने आई और छानबीन कर रही है। इस बाबत बांसडीहरोड एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि स्कार्पियों व बाइक को कब्जा में ले लिया गया है। पीड़ित द्वारा अभी तहरीर नहीं मिला है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जाएगी।
उधर एक और घटना में दुबहड़ थाना क्षेत्र के बसरिकापुर ढ़ाले पर गुरुवार को मनबढ़ युवकों ने एक जीप चालक की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होे गया। घटनास्थल पर पहुंची एक महिला ने घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हल्दी थाना क्षेत्र के रेपुरा निवासी राजकुमार राम (30) बैरिया से सवारी लेकर बलिया आ रहा था। बसरिकापुर ढाले पर लगभग आधा दर्जन की संख्या में मनबढ़ युवक जीप को रोक चालक पर लाठी-डंडे से हमला कर दिए। इससे वह अचेत हो गया। एक महिला वहां पहुंची और चालक को जिला अस्पताल ले गए। उधर, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जीप को कब्जे में लेकर थाने आई। इस बाबत सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि चालक अभी बेहोश है, उसकी ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।