नगर से सटे मुलायम नगर स्थित कर्नाटका बैंक के नाम की फर्जी शाखा खोलकर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले मैनेजर आफाक अहमद अंसारी का तार कानपुर और पंजाब से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस की पूछताछ में कई मामले सामने आए हैं। बताया जाता है कि फर्जी बैंक मैनेजर का संबंध कानपुर के एक तथाकथित पत्रकार और पंजाब निवासी विक्रम सिंह से भी है, जिनके साथ मिलकर वह बैंक की शाखा खोलकर ग्राहकों से ठगी करता था। मैनेजर नगर स्थित एक होटल में ही रहता था और वहीं से अपना नेटवर्क बनाकर काम करता था। पुलिस उसके लैपटॉप को खंगाल रही है। उधर, गिरफ्तार फर्जी बैंक मैनेजर को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मालूम हो कि शहर से सटे मुलायम नगर में फर्जी नाम विनोद कुमार कांबले, निवासी बिखरौली ईस्ट, मुंबई ने करीब एक माह पूर्व कर्नाटका बैंक के नाम से शाखा खोली। उसने 32 हजार रुपाए पर किराये का मकान लिया था। बैंक का बोर्ड और फर्नीचर सेट करने के बाद उसने ग्राहकों को ठगना शुरू किया। ग्रामीण इलाकों में फ्रेंचाइजी खोलने के लिए आवेदन के साथ ही करीब 60 हजार रुपए जमानत के रूप में लेता था। बुधवार को कर्नाटका बैंक दिल्ली से आए असिस्टेंट जनरल मैनेजर बीवीएच उपाध्याय की शिकायत पर छापेमारी में फर्जी बैंक मैनेजर विनोद कुमार कांबले पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर एक लाख 37 हजार नकदी रुपये एवं लैपटाप समेत अन्य सामान बरामद किया था। तीन महिला कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ दिया गया।
असिस्टेंट जनरल मैनेजर बीवीएच उपाध्याय की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में अभियुक्त ने पंजाब के विक्रम कुमार सिंह तथा कानपुर के एक तथाकथित पत्रकार का भी नाम बताया है। उसके पास से प्रेस कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस की माने तो गिरोह का नेटवर्क पंजाब व कानपुर से भी जुड़ा है, जिसके लिए वहां के स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
वर्जन
फर्जी बैंक मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस की पूछताछ में अहम सुराग लगे हैं, इसकी पड़ताल जारी है।
हितेंद्र कृष्ण, क्षेत्राधिकारी नगर