जयप्रकाशनगर। बैरिया थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद उपरवार पंचायत के मठ योगेंद्र गिरी गांव में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की चपेट में दो मड़हे व एक भूषा भरा खोप के साथ ही गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घंटों मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। लेकिन सूचना के बाद भी अग्निशमन दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा। थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद उपरवार पंचायत के मठ योगेंद्र गिरि गांव निवासी सुदामा की झोपड़ी में शनिवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस दौरान परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए हुए थे। आसपास के लोग कुछ समझ पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर दो मड़हे व एक खोप के साथ ही दैनिक उपभोग की वस्तुओं को अपने आगोश में ले लिया। पीड़ित परिवार खुले आसमान में रहने को विवश है।