बैरिया। बुजुर्ग पिता के उत्पीड़न की शिकायत गैर राज्य में नौकरी कर रहे पुत्र ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से की। जिस पर रेवती पुलिस के तेवर तल्ख हो गए और उसने उल्टे शिकायतकर्ता के बुजुर्ग पिता को ही गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
रेवती थाना क्षेत्र के श्रीनगर निवासी आदित्य सिंह ने भूमि विवाद के मामले में जनसुनवाई पोर्टल पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी भूमि कब्जा करने के नियत से पड़ोस के कुछ लोग घर पर अकेले रह रहे बुजुर्ग पिता बरमेश्वर सिंह और माता को प्रताड़ित कर रहे हैं। जब माता पिता ने विरोध किया तो उनकी पिटाई की गई। उधर पोर्टल पर एसपी से शिकायत करना रेवती पुलिस को नागवार लगा। शिकायत के दो दिन बाद वह शिकायतकर्ता के घर जा पहुंची और उसके बुजुर्ग पिता बरमेश्वर सिंह को गिरफ्तार उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। इस पर आदित्य सिंह ने पुलिस की इस कारस्तानी से प्रशासन के उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आरोप लगाया कि उनके बुजुर्ग पिता का राजनीतिक दबाव में उत्पीड़न किया जा रहा है।
इस बाबत सीओ उमेश कुमार ने कहा आदित्य सिंह द्वारा की गई शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।