गड़वार। थाना क्षेत्र के दो स्थानों से पुलिस ने गुरुवार को दो चोरों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया। गुरुवार की भोर में मुखबिर से सूचना मिली कि रतसर कस्बा के दक्षिण की तरफ एक बाइक पर दो चोर सोलर पैनल लेकर भाग रहे हैं, मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए रतसर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह को सूचना देकर रतसर के दक्षिण चट्टी पर घेराबंदी की गई, जहां एक चोर को सोलर पैनल व बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक चोर अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष धमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया चोर थाना क्षेत्र के पड़वार निवासी पंकज यादव पुत्र योगेंद्र यादव है, जबकि भागने वाले चोर का नाम आरोपी ने शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी राजेश शर्मा बताया है। उधर, थाना क्षेत्र के हनुमानगढ़ी तिराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी हीरा पुत्र राजदेव को चोरी की एक टैबलेट व दो मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया। चोर ने बताया कि मोबाइल को बेचने के लिए इंदू मार्केट में लेकर जा रहा था।