बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के न्यू बहेरी गांव में 27 नवम्बर की रात हुई सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी की हत्या के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। 21 दिन बीत जाने के बाद भी न तो हत्यारों और न ही वारदात के कारणों का पता चल सका है। शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर निवासी रमेश प्रताप सिंह (50) न्यू बहेरी में मकान बनाकर पत्नी के साथ रह रहे थे। 27 नवंबर की रात पत्नी पूजा करने के लिए पुराने मकान जलालपुर चली गई थी। जबकि पुत्र वाराणसी किसी काम से गया हुआ था। रमेश सिंह घर पर अकेले थे। देर रात अज्ञात लोगों ने गला काट कर उनकी हत्या कर दी। रमेश की जलालपुर के पास मोटर पार्ट्स की दुकान थी। मृतक के पुत्र रुपेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरूद्घ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। लेकिन 21 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। सीओ सिटी एके सिंह ने बताया कि पुलिस खुलासे के करीब पहंच चुकी है।