सहतवार क्षेत्र के रजौली स्थित पेट्रोल पंप पर कर्मचारी से हुई लूट की सूचना पर पहुंचे एसपी विपिन ता
- फोटो : BALLIA
सहतवार। ग्राम सभा रजौली में शुक्रवार को सुबह किसान सेवा पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। लेकिन छानबीन पर मामला मारपीट का मिला। पेट्रोल पंप मालिक ने तेल भराने पहुंचे चालक पर लूट का आरोप लगाया जबकि चालक का कहना था कि पेट्रेाल पंप कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। बहरहाल, पुलिस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि दोनों ही पक्षों की ओर से किसी ने भी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पेट्रोल पंप मालिक सत्यदेव सिंह ने आरोप लगाया कि सुबह साढ़े नौ बजे बगल के गांव के युवक ट्रक में पेट्रोल भरवाने आए। पेट्रोल लेने के बाद पैसे को लेकर विवाद हो गया। हालांकि उन्होंने पेट्रोल पंप के खाते में 26075 रुपये डाल दिए। थोड़ी देर बाद ही नौ-दस की संख्या में कई लोग असलहे के साथ पहुंचे और पंप कर्मियों के साथ मारपीट करने लगे। हवाई फायरिंग करने के साथ ही पंप के कर्मचारी राजेश यादव से एक लाख 60 हजार विनोद सिंह से 26 हजार और अमरजीत यादव से 40 हजार रुपये लेकर भाग निकले। सूचना पर एसपी विपिन ताडा, एएसपी संजय कुमार सहित सीओ बांसडीह दीपचंद मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि मामला लूट का नहीं है। चालक ने पेट्रोल भरवाने के बाद रसीद मांगी। इसे लेकर पंप के कर्मचारियों से उसकी कहासुनी हो गई। कर्मचारियों ने चालक की पिटाई कर दी। जिस पर वह तहरीर देने थाने पहुंच गया। इसकी जानकारी हुई तो पेट्रोप पंप संचालक भी लूट की तहरीर देेने पहुंच गए। जांच में लूट या तोड़फोड़ का मामला सामने नहीं आया है। बताया कि किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। ट्रक मालिक विनय मिश्र ने बताया कि ड्राईवर का कहना है कि कर्मचारियों ने ट्रक में तेल डालना शुरु किया था कि अचानक मशीन बंद हो गई। ऐसे में वह मशीन की रीडिंग की मोबाइल से फोटो लेने लगा। जिस पर कर्मचारियों ने आपत्ति जताई। तब चालक ने तेल की रसीद मांगी। इस पर कर्मचारी रसीद देने से इंकार करने लगे। बस इसी बात को लेकर विवाद हो गया।