बेल्थरारोड। उभांव पुलिस ने क्षेत्र के फरसाटार ग्राम में एक पखवारे पूर्व सड़क किनारे अपने घर के पास डेरे पर सोए अधेड़ की हत्या के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद तीसरे अभियुक्त की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक भागीरथी झाड़-फूंक करता था। उसकी हत्या चचेरे भाई ने ही कराई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि भागीरथी को जान से मारने की साजिश एक शादी समारोह में चचेरे भाई जनार्दन ने रची थी। भागीरथी जनार्दन के परिवारीजनों को भूत प्रेत का झाड़फूंक कर परेशान कर रहा था। अभियुक्त जनार्दन ने मृतक से 63000 रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर लिया गया था। मृतक अपना पैसा बार-बार मांग कर जनार्दन को तंग करता था। इससे जनार्दन ने अपने दोस्तों के साथ साजिश रचकर मृतक भागीरथी की हत्या करा दी। इस मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि शुक्रवार की रात की घटना में शामिल मृतक के चचेरे भाई जनार्दन पुत्र विजय मल निवासी फरसाटार और ओमप्रकाश यादव पुत्र कालिका निवासी बरुहां थाना घोसी जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल तीसरे अभियुक्त खोजबीन की जा रही है। गौरतलब है कि फरसाटार निवासी भागीरथी (50) पुत्र रामबृक्ष गत 5 अगस्त को रात में खाना खाने के बाद डेरे पर चारपाई पर सोए हुए थे। 6 अगस्त को भोर में पत्नी धनवती उन्हें जगाने के लिए डेरे पर पहुंची तो देखा कि उसके पति चारपाई पर खून से लथपथ पड़े हुए हैं। पत्नी की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर जुट गए तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर तीसरे की तलाश शुरू कर दी है।