बांसडीह। किर्तुपुर (कुड़िया) गांव में रंजिश के चलते दंपती पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस ने दो आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता रंजू देवी के अनुसार, रविवार शाम दयाशंकर यादव और पुत्र पोतन यादव उनके घर आए। उन्होंने रंजू देवी और पति नंदजी यादव को गाली देते हुए जमीन पर पटक दिया। आरोपितों ने लात, घूंसे और डंडों से दंपती को पीटा। मारपीट में नंदजी यादव के चार दांत टूट गए और कई जगह गंभीर घाव हुए। रंजू देवी चोटों के कारण मौके पर ही बेहोश हो गईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। हमलावर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भाग निकले। । घटना के अगले दिन रंजू देवी ने बांसडीह कोतवाली में शिकायत की। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया, तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच जारी है।