बलिया के जिला महिला अस्पताल परिसर में कोरोना टीका लगवाने वाले लाभार्थियों से बातचीत करते जिलाधि
- फोटो : BALLIA
बलिया। कोरोना से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार से हो गई। पहले चरण के पहले दिन जिले के तीन अस्पतालों में 223 लोगों को वैक्सीन लगी। इसमें महिला अस्पताल में 77, सीएचसी सिकंदरपुर पर 70 और सीएचसी रसड़ा पर 76 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया। जिलाधिकारी हरि प्रताप शाही ने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर टीकाकरण का जायजा लिया। पहले चरण में जिनको टीका लगा उनसे बातचीत की और बधाई भी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना का समाधान निकलने के बाद अब महामारी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। हर सेंटर पर एक दिन में केवल 100 लोगों को ही टीका लगेगा। वैक्सीन की उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता वाले समूहों का चयन किया गया है। पहले समूह में स्वास्थ्यकर्मी, दूसरे में फ्रंटलाइन वर्कर्स, राजस्वकर्मी, सफाईकर्मी शामिल हैं। तीसरे समूह में 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति और 50 वर्ष से कम आयु के गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति शामिल हैं। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. आनंद कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. जीपी चौधरी, डब्लूएचओ के एसएमओ डॉ. नकीब, मोहम्मद नसीम, डीपीएम आरबी यादव, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ मणि दूबे, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के शैलेंद्र पांडेय, विजय शर्मा आदि रहे।