बलिया। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक जिले में कोरोना संक्रमण से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। जिसमें गड़वार के चंदाडीह हथौड़ी निवासी 45 वर्षीय युवक, रतसर निवासी 50 वर्षीय महिला तथा रसड़ा के मोकालपुर निवासी 40 वर्षीय युवक शामिल है। जबकि पिछले 24 घंटे में 331 नए लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमण से जिले में अब तक मरने वालों की कुल संख्या 186 हो गई है। वहीं एक्टिव केस 2949 हैं। जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या 2186 है। होम आइसोलेशन में 2706 तथा एल-1 और एल-2 बसंतपुर में 57 मरीजों को भर्ती किया गया है। उधर बृहस्पतिवार को 2688 लोगों की जांच की गई। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने दी है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना संक्रमण को लेकर बचाव ही सबसे सरल तरीका है। टीका लगने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी है। बार-बार हाथ धोएं एवं मॉस्क लगाएं। कहा कि आपकी लापरवाही भविष्य में भारी पड़ सकती है। उन्होंने आमजनों से अनुरोध किया है कि शासन की गाइड लाइन का पालन करें और स्वयं एवं अपने पास पड़ोस के लोगों को सुरक्षित रखें।