बलिया। प्रशासनिक चौकसी के बीच वृहस्पतिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल की विज्ञान और इंटर की लेखा विषय की परीक्षा हुईं। इस दौरान विज्ञान की परीक्षा में सत्येंद्र इंटर कॉलेज, मालीपुर में एक परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते विद्यालय प्रशासन के हत्थे चढ़ा। जबकि 7625 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें कुल 65835 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसके अलावा सुबह की पाली में हुईं इंटरमीडिएट की लेखा विषय की परीक्षा हुईं, जिसमें 208 छात्र पंजीकृत थे। इनमें नौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उधर, शाम की पाली में हुईं इंटर की जीव विज्ञान और गणित की परीक्षा में करीब 6123 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि जीव विज्ञान और गणित में 65835 छात्र पंजीकृत थे। जबकि शाम की पाली में हुई हाईस्कूल की लेखा शास्त्र की परीक्षा में 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
हाईस्कूल की परीक्षार्थी काजल मौर्या ने बताया कि विज्ञान के प्रश्न पत्र में रसायन विज्ञान के प्रश्नों ने काफी उलझाया। प्रश्न कठिन थे। हल करने में परेशानी हुई। अजय यादव ने बताया कि विज्ञान के प्रश्न पत्र में बायोलॉजी के प्रश्न आसान थे। प्रश्न समझ में आ रहे थे। संदीप वर्मा ने बताया कि भौतिक विज्ञान के प्रश्न भी थोडा कठिन थे। हालांकि इसके प्रश्नों को हल कर लिया गया। बहुविकल्पीय प्रश्न भी आसान थे। कुसुमावती देवी इंटर काॅलेज, पंपापुर की 10वीं की छात्रा अंशिका यादव ने बताया की साइंस का पेपर आशा से थोड़ा कठिन था। अभिक्रियात्मक समीकरण और जीव विज्ञान से संबंधित कुछ प्रश्नों ने छकाया, बावजूद अच्छे अंक आने की उम्मीद है। इसी विद्यालय की 10 वीं की छात्रा आकृति भारद्वाज ने बताया कि प्रश्नपत्र में कुछ प्रश्न सहज व कुछ कठिन रहे।
उधर,हरिवंश बाबा इंटर काॅलेज, पुर में इंटरमीडिएट गणित की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र शिवम खरवार ने बताया कि पेपर काफी कठिन था। निर्देशांक ज्यामिति और कैलकुलस के प्रश्न उलझाऊ थे। वहीं, हिमांशु शर्मा ने भी प्रश्नपत्र के कुछ प्रश्नों को जटिल बताया। कहा कि कुल मिलाकर पेपर ठीक हुआ है, लेकिन अपेक्षानुरूप अंक प्राप्त नहीं होगा। श्रीकृष्ण इंटर काॅलेज, बाछापार में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा दे रही सुभद्रा देवी इंटर काॅलेज की छात्रा आंचल ने बताया कि चित्रात्मक प्रश्न बहुत पूछे गए थे। जबकि निक्की कुमारी का कहना था कि पेपर अच्छा था, लेकिन चित्र के चक्कर में कई प्रश्न छूट गए।
000
परीक्षा केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने परीक्षा केंद्रों और कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी सबसे पहले मुरली मनोहर टाउन इंटरमीडिएट काॅलेज व कुंवर सिंह इंटर काॅलेज पहुंचकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक से बोर्ड परीक्षा के संबंध में दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर और विभिन्न कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों को संचालित मोड में होने की जानकारी भी ली। इसके बाद जिलाधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में जाकर बोर्ड परीक्षा संबंधित व्यवस्था का जायजा लिया।
000
मुन्ना भाई चढ़ा पुलिस के हत्थे
बुधवार को सम्पन्न हुई बोर्ड परीक्षा के दौरान सहतवार पुलिस ने दूसरे के स्थान परीक्षा देते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान उपनिरीक्षक कमलाशंकर गिरी ने चैनबाबा इण्टर काॅलेज, सहतवार के केन्द्र व्यवस्थापक मदन पाण्डेय की सूचना पर परीक्षार्थी कृष्णा प्रसाद पुत्र मुन्ना गोंड के स्थान पर परीक्षा दे रहे राजकुमार पुत्र लालवीर ग्राम सारंगपुर पोस्ट खरौनी थाना बांसडीह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय बलिया रवाना किया गया।
-