बलिया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रहे कार्य बहिष्कार का असर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले पर भी दिखाई दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर आयोजित होने वाला आरोग्य मेला संविदा चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की गैरमौजूदगी के चलते प्रभावित हुआ। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के आवाहन पर मिथिलेश गिरी जिला अध्यक्ष ने बताया कि 12 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों से एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लखनऊ के ईको गार्डन पहुंचेंगे। वहां प्रदेशव्यापी आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संविदा कर्मचारी लखनऊ में ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।