बलिया। लोक निर्माण विभाग में अभियंताओं व ठेकेदारों के बीच चल रही रार बढ़ती जा रही है। एक ओर जहां अभियंता मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार से कार्य बहिष्कार धरना शुरु कर दिए। वहीं दूसरी ओर बुधवार को ठेकेदार संघ की बैठक लोक निर्माण विभाग परिसर में हुई। ठेकेदारों ने अभियंताओं पर कई आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग के मंत्री आदि को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय व निर्माण खंड में तैनात जेई शैलेंद्र कुमार व विजय प्रकाश द्वारा विभाग में धन उगाही की जा रही है। यह अवर अभियंता जिले में लंबे समय से डेरा जमाए हैं और इनके द्वारा जातिगत प्रवृत्ति को बढ़ावा दिया जा रहा है। इनके द्वारा विभाग की सड़क पुन : निर्माण विशेष मरम्मत की स्वीकृत सड़कों को मैनेज के नाम पर कमीशन वसूला जाता है। इनके द्वारा एक सड़क का चैनेज बदलकर दो बार भुगतान किया जाता है।
इनके द्वारा ठेकेदाराें पर बार-बार दलित उत्पीड़न का मुकदमा की धमकी दी जाती है और मुकदमा दर्ज कर परेशान किया जाता है। यह भी कहा कि इनके द्वारा विभाग के ठेकेदारों को ब्याज पर पैसा भी दिया जाता है। आरोप लगाया कि आठ सड़कों का भुगतान बिना बनाए ही किया गया है। ठेकेदारों ने पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। बैठक में संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, खड़क बहादुर सिंह, पंकज चौधरी, सुनील सिंह, रविंद्र सिंह, मायाशंकर पांडेय, दिनेश सिंह, सुधीर सिंह, गौरव पाठक आदि रहे।