बलिया। सरकारी लाइसेंस की आड़ में शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त एक बीयर, एक देसी और एक अंग्रेजी शराब की दुकान का लाइसेंस आबकारी विभाग ने रद्द कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि शहर कोतवाली थाना अंतर्गत अमृतपाली में बीते 30 जून को सदर कोतवाली पुलिस ने सरकारी बीयर की दुकान और सहसपाली में एक मकान पर छापेमारी कर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। यह दुकान अंजनी सोनी के नाम से अनुबंधित है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त होने के आरोप में दुकान का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा, विभागीय जांच के दौरान बीते छह जुलाई को खमीरपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से नकली और मिलावटी शराब बरामद हुई थी। बताया कि विभागीय जांच टीम ने जब दुकान में बिक्री के लिए रखी गईं शराब की बोतलों पर बने क्यूआर कोड का मिलान किया तो वह मिस मैच हो गया। यह दुकान ब्रजेश सिंह के नाम अनुबंधित है। सरकारी दुकान से नकली शराब बेचने के मामले में खमीरपुर की दुकान का अनुबंध भी रद्द कर दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत ब्रजेश सिंह के नाम से आवंटित दलछपरा की देसी दुकान का अनुबंध भी समाप्त कर दिया गया है।