चार बटालियन पीएसी धूमनगंज प्रयागराज में तैनात सिपाही हल्दी थाना क्षेत्र के मझौवा गांव निवासी शेखर कुमार सिंह (27) की जान मलेरिया ने ली। इसकी सूचना मिलते ही घर-परिवार में कोहराम मच गया।
हल्दी थाना क्षेत्र के मझौवां गांव निवासी दीपक सिंह के पुत्र शेखर कुमार सिंह की तैनाती चार बटालियन पीएसी प्रयागराज में थी। ड्यूटी पर तैनात शेखर की तबीयत खराब हुई और वे छुट्टी लेकर करीब पांच दिन पहले गांव आ गए। गांव पर जांच व उपचार के बाद शेखर की तबीयत में सुधार न होता देख परिजन उन्हें बीएचयू ले गए जहां उपचार के दौरान शेखर की मौत हो गई। अचानक हुई घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मां रीता देवी व बहन शिवानी सिंह, बड़े भाई सूरज सिंह, छोटे भाई पीयूष सिंह का रोते-रोते बुरा हाल है। वहीं, गांव में सन्नाटा पसरा है।