बलिया। ब्राह्मण उत्थान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक मंगलवार को डॉ. शत्रुघ्न पांडेय की अध्यक्षता में हुई। इसमें सपा के महामंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की हिंदू धर्म के प्रति की अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि सपा नेता मौर्य का मानसिक संतुलन खराब हो गया है। उन्होंने रामचरित मानस की चौपाई ढाेल गवार छुद्र पशु नारी, ये सब ताड़न के अधिकारी की गलत व्याख्या करके समाज में जहर घोलने का काम किया। अब वे सब हिंदू धर्म के केवल ब्राह्मणों का धर्म कहकर अन्य जातियों को ब्राह्मण के विरुद्ध भड़का रहे। वे पिछड़ी, अनुसूचित जाति को हिंदू धर्म से अलग बताकर वोट बैंक की राजनीति कर रहे है। उनको पता होना चाहिए कि ब्राह्मण ने समाज को जोड़ने का काम किया है।
शादी-विवाह में प्रत्येक जाति को जोड़ा है और समाज के सबसे छोटा कहलाने वाले डोम को गंगाघाट पर मुखाग्नि देने का काम दिया है। देश को संवारने के साथ-साथ ब्राह्मण ने अपने कार्मो द्वारा सभी जातियों को जोड़ा है और आदर दिया है। ब्राह्मण ने धर्म के आधार पर किसी को छोटा नहीं बताया है। बैठक को परशुराम मिश्र, रमाशंकर पांडेय, बलराम मिश्र, देवेंद्र तिवारी, आनंदमणि द्विवेदी, विद्यासागर दूबे, चंद्रशेखर उपाध्याय आदि ने संबोधित किया।