माह के शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सिकंदरपुर तहसील में किया गया। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने समाधान दिवस पर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 98 शिकायतें आईं। इसमें मात्र छह का ही निस्तारण मौके पर हो सका। जिलाधिकारी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
डीएम के सामने भूमि विवाद, बिजली, पानी, सफाई, चिकित्सा और सुरक्षा से संबंधित मामले आए। इसे उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर जल्द से जल्द सभी मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया । उन्होंने काह कि किसी भी मामले का निस्तारण करते समय दोनों पक्षों की बातें अवश्य सनीं जाए। भूमि और राजस्व के मामले में उन्होंने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर जाकर मौका मुआयना करके ही मामले का निस्तारण करें। इस मौके पर एसडीएम अखिलेश यादव, तहसीलदार शैलेंद्र चौधरी आदि थे।
बैरिया में सीओ अनिल कुमार अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। कुल 20 मामले आए। बैजनाथपुर के शंभू यादव ने अपने जमीन पर जोतने बोने को लेकर बाधा उत्पन्न करने की शिकायत की। बीबी टोला निवासी मथुरा गुप्ता ने कटरे में किराएदार द्वारा किराया न देने का मामला उठाया। तिवारी के मिल्की निवासी हीरालाल वर्मा ने भी जमीन संबंधी विवाद समाधान दिवस पर रखा। बैरिया निवासी हरिकंचन सिंह ने क्षेत्र के दो मेडिकल स्टोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। एसडीएम आत्रेय मिश्र, नायब तहसीलदार अजय सिंह मौजूद थे।
हमारी भूमि पर एक महिला में जबदस्ती कब्जा कर लिया है। कई बार तहसील दिवस सहित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद कर चुकी हूं। इसके बाद कब्जा नहीं हटावाया जा रहा है। उक्त महिला के नाम से कस्बे में बने कांशीराम योजना के तहत आवास का आवंटन किया जा चुका है। इसके बाद भी वह मेरी भूमि पर कब्जा करके प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कर रही है।
सुभावती चौहान निवासी रहिलापाली
परिषदीय स्कूल में मिड डे मील के तहत भोजन के लिए जो खाद्यान्न आता है उसे बिचौलियों के हाथ बेच दिया जाता है। एक-एक सप्ताह पर भोजन बनवाया जाता है। इसकी शिकायत कई बार खंड शिक्षा अधिकारी से कर चुके हैं। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद के लिए आए हैं।
विजय प्रताप सिंह, उचराव
खेत की पैमाइश कराने की मांग को लेकर कई बार तहसील और संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद कर चुका हूं। राजस्वकर्मियों द्वारा बार-बार आश्वासन देकर वापस कर दिया जाता है। कई बार से तहसील का चक्कर लगा रहा हूं। इसके बाद भी हर बार आश्वासन ही मिलता है।
प्रभुजी पांडेय, बनकटा