बलिया। ददरी मेला -2025 के आयोजन के लिए अस्थायी रूप से अधिग्रहीत की गई भूमि के काश्तकारों के प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि नगर पालिका परिषद बलिया की ओर से प्रतिकर भुगतान के लिए धनराशि उपलब्ध कराने के बाद आदेश पारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन काश्तकारों की भूमि मेले से प्रभावित हुई है, वे अपने प्रतिकर भुगतान के लिए किसी भी कार्य दिवस पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय में उपस्थित हों। भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए काश्तकारों को प्रार्थनापत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति और दो रसीदी टिकट साथ लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद संबंधित काश्तकारों के बैंक खाते में प्रतिकर धनराशि अंतरित कर दी जाएगी। प्रशासन ने प्रभावित काश्तकारों से समय रहते कार्यालय में संपर्क कर प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की है।