जयप्रकाश नगर। समाजवाद के पुरोधा और संपूर्ण क्रांति के अग्रज रहे जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव जयप्रकाशनगर में चार दिन पूर्व सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने प्रभावती देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में 20 बेड के कोविड अस्पताल का लोकार्पण और 50 बेड का प्रभावती देवी चिकित्सालय के लिए भूमि पूजन किया था। मुख्यमंत्री आगमन के कुछ दिन पूर्व ही पांच डॉक्टरों और दो एलटी का तबादला कर जयप्रकाश नगर चिकित्सालय में किया गया था, लेकिन किसी ने वहां जाना उचित नहीं समझा।
इसे लेकर सीएमओ डा. जयंत कुमार ने चेतावनी पत्र डॉक्टरों पर जारी किया है। वेतन भुगतान रोकने और कार्रवाई की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री के आने से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगउर से डॉ. यशस्वी सिंह स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. प्रणय कुणाल सर्जन, डॉ. जयंत देवनाथ डेंटल सर्जन के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा से डॉ. पीर प्रताप सिंह बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ. शैलेंद्र कुमार ईएनटी सर्जन की ड्यूटी सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को जयप्रकाशनगर सीएचसी पर लगाई गई थी। आज तक किसी ने अपनी ड्यूटी पर ज्वाइन नहीं किया है। पहले से तैनात डॉ. पवन कुमार के कंधे पर ही इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चलाने का भार है।