हनुमानगंज ब्लाक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पर्चा खरीदते संभावित प्रत्याशी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। पंचायत चुनाव की सरगर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। इन दिनों किसान व खेतिहर मजदूर सुबह होते ही खेत खलिहानों में चले जा रहे हैं। इसके चलते प्रत्याशियो को भी खेत खलिहानों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। वहां पहुंचकर दावेदार अपनी जीत पक्की करने के लिए समर्थन मांग रहे हैं। ज्यों-ज्यों पंचायत चुनाव की तिथियां नजदीक आती जा रही हैं त्यों-त्यों संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। मतदाताओं को रिझाने के लिए हर संभव प्रयास करने का काम कर रहे हैं। रबी की फसलें खेतों में तैयार हैं और कई इलाकों में फसलों की कटाई भी शुरु हो चुकी है। इसके चलते किसान व खेतिहर मजदूरों के पूरे दिन का समय खेतों में ही बीत जाता है संभावित प्रत्याशी जब इनके घरों पर पहुंचते हैं तो नहीं मिलते लिहाजा खेत से लेकर खलिहान तक चक्कर काट उनके संपर्क करने का प्रयास करते हैं। कई इलाकों में यह देखने को मिल रहा है कि संभावित प्रत्याशी सुबह होते ही खेतों में पहुंच कर मतदाताओं को रिझाने का काम कर रहे हैं। इतना नहीं फसलों के बारे में जानकारी भी ले रहे हैं और भरोसा भी दे रहे कि उनके लायक कोई सेवा हो तो जरुर बताएं।