बैरिया। मुख्य संरक्षा अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे मुकेश मल्होत्रा एवं उनकी टीम की ओर से कोहरे को ध्यान में रखते हुए छपरा- सुरेमनपुर रेल खंड का सेफ्टी ऑडिट शुक्रवार को किया गया।
टीम मांझी पुल पहुंची और फाउंडेशन, ट्रैक फिटिंग्स, बोल्ट फिटिंग्स, लाइनर एडजस्टमेंट एवं ट्रैक्शन लाइन फिटिंग्स का निरीक्षण किया और संतुष्ट होने के बाद बकुलहा स्टेशन पहुंचे। यहां संरक्षित यातायात प्रबंधन को इंजीनियरिंग, सिग्नल, ऑपरेटिंग विभाग के संरक्षा से जुड़े कर्मचारियों की सक्षमता प्रमाणपत्र एवं पीरियाडिकल मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट की जांच की गई।
सेफ्टी ऑडिट टीम स्पेशल ट्रेन से बकुलहा-सुरेमनपुर रेल खंड पर स्थित समपार पर बने लो हाइट सब-वे का निरीक्षण करते हुए सुरेमनपुर स्टेशन पहुंचे। उन्होंने सुरेमनपुर के स्टेशन पैनल, संरक्षा उपकरणों यथा ब्लॉक यंत्र आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने इस खंड में स्थित विभिन्न समपार फाटकों के बूम लॉक की लाकिंग एवं हाइट गेजों के संस्थापन को सुनिश्चित किया एवं इस खंड में पड़ने वाले पुल-पुलिया एवं कर्वेचर पर ट्रैक फिटिंग्स का गहन निरीक्षण किया। मौके पर मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक, गोरखपुर आलोक सिंह, मुख्य विद्युत जनरल इंजीनियर ओपी सिंह, चीफ रोलिंग स्टॉक इंजीनियर एसके भारती, मुख्य सिग्नल इंजीनियर नीरज गुप्ता, उप मुख्य इंजीनियर(ट्रैक) राजेंद्र प्रसाद, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) एसपीएस यादव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष शुक्ला आदि रहे।