बेल्थरारोड। तहसील कार्यालय में अधिकारियों के नाक के नीचे फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र जारी करने का गोरखधंधा फल-फूल रहा है। जहां अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे है। बुधवार को तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह का फर्जी हस्ताक्षर कर एक अधिवक्ता ने बंध-मालियत प्रमाणपत्र जारी कर दिया। तेलमा जमालुद्दीनपुर गांव निवासी युवक को अधिवक्ता द्वारा दिए गए प्रमाण पत्र में तहसीलदार का चार जगह अलग-अलग तरह का हस्ताक्षर दिखा तो उसे संदेह हुआ तो वह बुधवार को सीधे तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह के समक्ष पहुंच गया। जिसे देखते ही तहसीलदार अवाक रह गए। उन्होंने तत्काल अधिवक्ता को बुलाया और उभांव थाना पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई का निर्देश दिया। यह जानकारी होने के बाद अधिवक्ताओं में हड़कंप मच गया। हालांकि इस दौरान आरोपी वकील मौके की नजाकत को देख भाग निकला। इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इधर, मामले में कार्रवाई को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्सुकता है।