बेल्थरारोड तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस पर फरियादियों की फरियाद सुनते मुख्य विकास अधिकार?
- फोटो : BALLIA
बलिया/बैरिया/सिंकदरपुर/बेल्थरारोड। नए वर्ष के प्रथम माह के प्रथम सप्ताह के प्रथम शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सदर तहसील बलिया में किया गया। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने तहसील बलिया सदर में समाधान दिवस पर जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, बिजली, पानी, सफाई, चिकित्सा और सुरक्षा से संबंधित मामले छाए रहे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी मामलों का निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी मामले का निस्तारण करते समय दोनों पक्षों की बातें अवश्य सुन ली जाए। भूमि और राजस्व के मामले में उन्होंने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर जाकर मौका मुआयना करके ही मामले का निस्तारण करें।उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उसे जल्द से जल्द निस्तारित किया जाए। किसी भी व्यक्ति को बेवजह परेशान न किया जाए।एसपी राजकरण नैय्यर, उप जिलाधिकारी प्रशांत नायक आदि थे। बैरिया तहसील में कुल 12 मामलों में दो का निस्तारण हुआ। उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र के अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में मठ योगेंद्रगिरी निवासी रामाशंकर राम ने कहा कि दबंग उनके खेत को नहीं बोने दे रहे हैं। पिछले दो समाधान दिवसों पर लगातार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। बैरिया निवासी हरिकंचन सिंह ने ईरिक्शा का किराया निर्धारित करने की गुहार लगाई। सुरजनछपरा निवासी लाल बिहारी वर्मा ने अपने को भूमिहीन बताते हुए अधिकारियों से खुद को बसने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। दलपतपुर निवासी ददन यादव ने बताया कि कुछ दबंगों ने सार्वजनिक रास्ता को अवरुद्ध कर दिया है। बार-बार शिकायत के बाद भी तहसील प्रशासन उसे खाली नहीं करा रहा है। रेवती निवासी संजय कुमार ने अतिक्रमण हटाने के लिए उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया। बताया कि मुख्यमंत्री के जनसुनवाई से लेकर तहसील दिवस तक कमसे कम 10 शिकायती पत्र दे चुका हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मिर्जापुर निवासी श्रीराम वर्मा, कर्णछपरा निवासी अशोक सिंह अपने गांवों में दबंगों द्वारा सार्वजनिक मार्गों को बंद कराने की शिकायत की। समाधान दिवस के मौके पर ठंड से कपकपाती महिला को देख एसडीएम आत्रेय मिश्र व सीओ उस्मान ने कम्बल दिया। सिकन्दरपुरतहसील में एसडीएम अखिलेश कुमार यादव की अध्यक्षता में कुल 37 मामले आए। तीन मामलों को मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सबसे ज्यादा मामले राजस्व विभाग से सम्बंधित थे। जितेश कुमार वर्मा ने नगर पंचायत में अभी तक कम्बल न वितरण करने की शिकायत की। सीओ भूषण वर्मा, ईओ सीमा राय, तहसीलदार शैलेश कुमार, नायब तहसीलदार रजनीश सिंह, बीडीओ पंदह दीपक कुमार सिंह, नवानगर कमलेश कुमार रहे। बेल्थरारोड तहसील में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा की अध्यक्षता में कुल 40 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। एक का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम पंचायत फरदहा उर्फ पूरा के ग्रामीणों ने सरकारी राशन की निलंबित दुकान को बर्खास्त करने की मांग की। शेखपुर के आवेदुल मसीह ने अतिक्रमण हटाने का मामला उठाया। जिला पंचायत सदस्य दिनेश फौजी ने ठंड के मद्देनजर अधिक से अधिक स्थानों पर अलाव जलाने की मांग की। खंडवा निवासी मालचंद पटेल ने विपक्षी द्वारा खेत को जोतने बोने से मना करने का आरोप लगाया। किड़ीहड़ापुर की प्रधान चिंता पासवान में खेल मैदान को आरक्षित करने की मांग की। भदौरा तरछापार निवासीनी फूलमती ने भूमि की वरासत कराने की मांग की। ाएसडीएम दीपशिखा सिंह, तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय, नायब तहसीलदार दीपक सिंह और अनिल यादव, सीयर बीडीओ मधुछंदा सिंह, नगरा बीडीओ विनय कुमार वर्मा, सीडीपीओ सरस्वती शाक्या, बीईओ राकेश सिंह, पूर्ति निरीक्षक गुफरान रहे।