सदर तहसील में दो सप्ताह पहले तहसीलदार कोर्ट में हुए विवाद में पेशकार की शिकायत पर पुलिस ने अधिवक्ता हर्षित दुबे व पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एकतरफा मुकदमा दर्ज होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश है।
पेशकार गौरव श्रीवास्तव ने शिकायत में कहा कि वह तहसीलदार सदर के न्यायालय में एएमजे के पद पर कार्यरत है। 13 जुलाई 2023 को दोपहर कार्यालय में सरकारी कार्य कर रहा था उसी समय हर्षित दूबे निवासी टैगोर नगर अन्य पांच लोगों के साथ आकर गाली गलौज तथा हाथापाई करने लगा।
जान से मारने की धमकी देते हुए मेज पर रखी सरकारी पत्रावलियों को फाड़ दिया। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया। विवाद के बाद पेशकार गौरव श्रीवास्तव ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से कोतवाली प्रभारी को शिकायत भेजा।
पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद अधिवक्ताओं ने तहसीलकर्मियों पर मनमाना कार्य करने व पीड़ितों का शोषण करने का आरोप लगाया। इस बाबत कोतवाल राजीव सिंह ने कहा कि पेशकार की शिकायत पर उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।