भीमपुरा थाना के बरवां रतीपट्टी निवासी अभिनय सिंह उर्फ राजू ने फर्जी जाति प्रमाणपत्र पर एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराकर परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मिली शिकायत पर कमलेश कमकर व अभिषेक कमकर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभिनय ने दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके गांव के ही कमलेश कमकर और अभिषेक कमकर कहार जाति के हैं। पुराने समय में लोगों के घर में कुएं से पानी भरने का काम करते थे। उपरोक्त दोनों व्यक्ति अपनी जाति को छिपाकर सरकारी अभिलेखों में हेर-फेर व कूटरचित करके अपने कमकर जाति को अनुसूचित जाति/जनजाति (खरवार) के रूप में सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराकर 20 सितंबर 2013 को तहसीलदार बेल्थरा रोड से अनुसूचित जन जाति एसटी का प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया। उसी प्रमाण पत्र के आधार पर प्रार्थी के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराकर परेशान करने लगे। तब उसके खिलाफ सक्षम उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया। उच्चाधिकारियों के जांचोपरांत उपरोक्त दोनों व्यक्तियों की जाति प्रमाण पत्र को जिला कास्ट स्कूटनी कमेटी बलिया ने 10 मार्च 2023 को निरस्त कर दिया। 25 अक्तूबर को मंडलीय अपीलीय फोरम आजमगढ़ मंडल के कमिश्नर की अध्यक्षता में इनकी जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया। इस बाबत थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया की पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।